नांदेड़ १२ जून (महाराष्ट्र)
विशेष संवाददाता: राहुल सरपाते
आदिवासी कोली समुदाय की एकजुटता, अधिकारों और भविष्य के संघर्ष को एक नई दिशा देने के लिए ‘ऑल इंडिया कोली समाज’ पूरी तरह तैयार है। संगठन के महाराष्ट्र राज्य अध्यक्ष श्री परेश कांति कोली के नेतृत्व में आगामी रविवार, 21 जून को देश की राजधानी नई दिल्ली के ऐतिहासिक तालकटोरा स्टेडियम में संगठन का 12वां राष्ट्रीय सम्मेलन बेहद भव्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
महाराष्ट्र से उमड़ेगा जनसैलाब, ‘चलो दिल्ली’ का आह्वान
राज्य अध्यक्ष श्री परेश कांति कोली के कुशल नेतृत्व में इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे महाराष्ट्र से समाज के लोग दिल्ली कूच करेंगे। इस महाधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए महाराष्ट्र के कोने-कोने से ‘ऑल इंडिया कोली समाज’ संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में दिल्ली पहुंच रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से जिला प्रमुख, तालुका प्रमुख, शाखा प्रमुखों सहित जमीनी स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं का समावेश है। समाज के हितों की रक्षा और अधिकारों के प्रति आवाज बुलंद करने के लिए संगठन द्वारा “चलो दिल्ली” का नारा दिया गया है।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे मुख्य अतिथि
दिल्ली में होने वाले इस 12वें राष्ट्रीय सम्मेलन में देश की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करने जा रही हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में भारत के पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद और श्रीमती रेखा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा देश भर से ‘ऑल इंडिया कोली समाज’ के शीर्ष पदाधिकारी, विचारक और सामाजिक कार्यकर्ता इस मंच पर एकजुट होंगे।
आदिवासी कोली समुदाय की एकता के लिए संघर्ष
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी कोली समुदाय को एक सूत्र में पिरोना और उनके सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक अधिकारों के लिए संघर्ष की रणनीति तैयार करना है। महाराष्ट्र से जाने वाले भारी हुजूम को देखते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि यह 12वां राष्ट्रीय अधिवेशन समाज के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।












